
ओमप्रकाश राजभर का धमाका: 2022 में मिलकर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव,सरकार में मची खलबली

ओमप्रकाश राजभर का नया धमाका: होटल के बंद कमरे में चंद्रशेखर के साथ पकायी खिचड़ी
संजय पुरबिया
उत्तर प्रदेश में सियासी घमासान तो नहीं लेकिन बंद कमरों में जिस तरह से ओमप्रकाश राजभर अन्य दलों के साथ खिचड़ी पका रहे हैं,उससे सत्ता पक्ष के खेमे में हलचल मचना लाजमी है। एक के बाद एक राजनैतिक दलों के साथ गठबंधन करने के बाद कल राजधानी के एक होटल के बंद कमरे में जो खिचड़ी पकायी,उससे सूबे में छोटे दलों की दमदारी आगामी विधान सभा चुनाव में साफ दिखायी देगी। एक होटल में ओम प्रकाश राजभर और चंद्रशेखर के बीच करीब एक घंटे बातचीत हुई। मुलाकात में सहमति बनी कि आगामी विधानसभा चुनाव में चंद्रशेखर भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ मिलकर आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण राजभर ने बताया कि चंद्रशेखर से मुलाकात सकारात्मक रही। भागीदारी संकल्प मोर्चे में उनके शामिल होने पर सहमति बन गई है।
अरुण राजभर ने बताया कि 2022 में भागीदारी संकल्प मोर्चा 403 सीटों पर चुनाव लडऩे का मन बनाया है। अभी हम हिन्दू- मुस्लिम में नफ रत नहीं, हम शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, नौकरी और रोजगार की बात करते हुए सरकार बनाने के प्रयास में है। कहा कि यूपी में मुफ्त शिक्षा, बिजली और स्वास्थ्य देकर 2022 में सरकार बनायेंगे। उत्तर प्रदेश में जो भी भाजपा को रोकना चाहते है उनके लिए मोर्चा के दरवाजे खुले हैं जो भी साथ आये उसका स्वागत है। भागीदारी संकल्प मोर्चा का कुनबा लगातार बढ़ रहा है।
बता दें कि भागीदारी संकल्प मोर्चा में जन अधिकार पार्टी के राष्ट्र ीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, अपना दल कमरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल, राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी, पी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद प्रजापति, राष्ट्रउदय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू रामपाल, जनता क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल सिंह चौहान, भारत माता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामसागर बिंद और भारतीय वंचित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम करण कश्यप शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी ने पिछले दिनों ओमप्रकाश राजभर जी से मुलाकात कर भागीदारी संकल्प मोर्चा में शामिल होने की घोषणा की है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर की पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव से कई बार मुलाकात हुई है, जिसके बाद शिवपाल सिंह यादव भी मोर्चा में जल्द शामिल होंगे। आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल जी से ओमप्रकाश राजभर करेंगे जल्द मुलाकात भागीदारी संकल्प मोर्चा में आने के लिए करेंगे। एक दौर की मुलाकात आप पार्टी उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह से मुलाकात हो चुकी है।