पंजाब की नई कैबिनेट: एक महिला समेत दस विधायक बने मंत्री

0
312
ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब को नया मंत्रिमंडल मिल गया है। चंडीगढ़ में 10 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। सचिवालय पहुंचने के बाद अगले एक घण्टे में मंत्रियों के विभागों का एलान होगा। सबसे पहले हरपाल चीमा ने शपथ ली। शपथ ग्रहण करने के बाद हरपाल चीमा ने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान का आभार जताते हुए कहा कि मैं पंजाब के लोगों की सेवा करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगा। सीएम भगवंत मान समारोह में मौजूद रहे। हरपाल चीमा के बाद मलोट की विधायक डॉ. बलजीत कौर ने मंत्री पद की शपथ ली। समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत मान के बेटा और बेटी भी वीवीआईपी की अगली पंक्ति में मौजूद रहे।
पेशे से नेत्र सर्जन डॉ. बलजीत कौर मंत्रिमंडल में इकलौती महिला हैं। वे पूर्व आप सांसद साधु सिंह की बेटी हैं। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मैं पंजाब के लोगों और पार्टी आलाकमान को धन्यवाद देती हूं। यह आप की अच्छी मानसिकता है कि उन्होंने एक महिला को कैबिनेट में शामिल किया है। मैं अपने सभी कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करूंगी। एक महिला और डॉक्टर के रूप में, मैं महिलाओं और स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास के लिए काम करूंगी।
तीसरे नंबर पर हरभजन सिंह ईटीओ ने शपथ ली। इसके बाद मानसा से सिद्धू मूसेवाला को हराने वाले डॉ. विजय सिंगला ने मंत्रीपद की शपथ उठाई। भोआ से विधायक बने लालचंद कटारूचक्क ने शपथ ले ली है। बरनाला के विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद कुलदीप सिंह धालीवाल ने शपथ उठाई। लालजीत भुल्लर और ब्रह्म शंकर जिंपा ने भी मंत्रीपद की शपथ ली। सबसे अंत में हरजोत सिंह बैंस ने मंत्रीपद की शपथ ली। हरपाल चीमा, हरभजन सिंह, कुलदीप धालीवाल, लालजीत भुल्लर, हरजोत बैंस शपथ ग्रहण के लिए पीली पगड़ी पहनकर आए थे।इसके अलावा कोटकपूरा से विधायक कुलतार संधवां विधानसभा को स्पीकर बनाया जाएगा। संधवां ने इसकी जानकारी खुद ट्वीट कर दी। इसके साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान का आभार जताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here