राजभवन में मना सीएम योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन, राष्ट्रपति ने खिलाई गुजराती मिठाई

0
221

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 50वां जन्मदिन रविवार रात को राजभवन में भी मनाया गया। यहां सीएम योगी ने विशेष रूप से तैयार की गई गुजराती मिठाई को केक के रूप में काटा। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने उन्हें अपने हाथों से मिठाई खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित देश की प्रथम महिला सविता कोविन्द और उनकी पुत्री स्वाति कोविन्द ने भी सीएम योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। इससे पहले वाराणसी में काशी विश्वनाथ का दर्शन कर लखनऊ पहुंचे राष्ट्रपति की हवाई अड्डे पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अगवानी की। फिर राजभवन पहुंचने पर अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। कोविन्द ने यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके जन्मदिन पर रविवार को देशभर से बधाई व शुभकामनाएं मिलीं। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने उन्हें प्रत्यक्ष रूप से बधाई दी तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने ट्वीट कर बधाई दी। बसपा प्रमुख मायावती और प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भी सीएम योगी की दीर्घायु की कामना की।

राजनाथ सिंह ने लिखा कि सीएम योगी प्रदेश की जनता के कल्याण और विकास के लिए समर्पित भाव से निरंतर परिश्रम कर रहे हैं। ईश्वर उन्हें स्वस्थ रखें और दीर्घायु करें। जेपी नड्डा ने बधाई देते हुए ट्वीट में लिखा कि आपके नेतृत्व में प्रदेश नई ऊंचाइयों को छू रहा है। साथ ही प्रगति और विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री के गोरखपुर प्रवास से लौटने पर शाम को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य उनके सरकारी आवास पर पहुंचे और पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ट्वीट कर बधाई दी। जलशक्ति मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह शुभकामनाएं देने मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पहुंचे, जबकि प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने ट्वीट से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

इसी तरह मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती और प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भी ट्वीट कर योगी को जन्मदिन की बधाई दी। प्रदेश सरकार में प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल, कारागार एवं होमगार्ड राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति सहित अन्य मंत्रियों ने भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

जन्मदिन पर मिली बधाई और शुभकामनाओं पर सीएम योगी आदित्यनाथ आभार व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘आज मेरे जन्मदिन पर प्राप्त हुईं आप सभी की आत्मीय शुभकामनाओं हेतु हार्दिक आभार। आप सभी की शुभेच्छाएं मेरे लिए असीम ऊर्जा व सकारात्मकता की अक्षय स्रोत हैं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here