अनुप्रिया पटेल फिर चुनी गईं अद (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष

0
212

पार्टी बढ़ रही है तो आलोचना स्वाभाविक है

आशीष बोलें-बड़े नेता का अपमान कर सुर्खियों में आने का ट्रेंड चल गया है

निकाय चुनाव भी लड़ेगी पार्टी

लखनऊ। राज्यस्तरीय पार्टी का ओहदा मिलने के बाद अपना दल (सोनेलाल) का पहला राष्ट्रीय अधि‌वेशन शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुआ। जिसमें केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल फिर से निर्विरोध पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनी गईं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि 2024 की तैयारियों के लिए 24 घंटे मेहनत करें। पार्टी का ग्राफ लगातार और ऊंचा करना है। अध्यक्ष के चुनाव के लिए अनुप्रिया पटेल के अलावा और किसी ने नामांकन नहीं किया, जिससे वह नि‌र्विरोध चुन ली गईं। अपने संबोधन में अनुप्रिया ने कहा “शेर की बेटी हूं पीछे नहीं हट सकती।” सामाजिक न्याय की विचारधारा की उनकी लड़ाई जारी रहेगी। मंच से उन्होंने एक बार फिर से केंद्र में पिछड़ा वर्ग मंत्रालय का गठन करने की आवाज उठाई।

उन्होंने कहा कि पार्टी जिस तेजी से आगे बढ़ रही है आलोचना स्वाभाविक है। वर्ष 2014 लोकसभा चुनाव में पार्टी दो सीटों पर लड़ी और दोनों जीती। 2017 विधानसभा चुनाव में 11 सीटों पर प्रत्याशी उतार पार्टी ने नौ विधायक बनाए। वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव में भी पार्टी दो सीटों पर लड़ी दोनों जीती। स्ट्राइक रेट 100 फीसदी रहा। वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव में 17 सीटों में से पार्टी को 12 पर जीत हासिल हुई। चुनाव दर चुनाव पार्टी का स्ट्राइक रेट बढ़ता जा रहा है। पार्टी का यह विस्तार स्व. सोनेलाल पटेल के सिपाहियों की मेहनत का परिणाम है।

न्होंने कहा कि अद (एस) का विस्तार देख सामाजिक न्याय के विरोधियों की पेट में दर्द होने लगा है। तमाम तरह के अनर्गल आरोप लगा कर बदनाम करने की साजिशें रची जा रही हैं। विरोधी विरोध करते हैं तो चलता है लेकिन जब अपने लोग ही विरोध करने लगते हैं तो अंदर से तकलीफ होती है। हमारे लोगों का कंधा इस्तेमाल कर पार्टी को कमजोर करने की साजिशें रची जा रही हैं। जब-जब पार्टी को कमजोर करने की कोशिश की गई, तब-तब पार्टी और मजबूती से उभरी है।

उन्होंने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती मामले में पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों की समस्या का हल प्रदेश सरकार निकाले। भाजपा शीर्ष नेतृत्व से इस मामले में बातचीत जारी है। नम आंखों से अपना दल के संस्थापक अपने पिता स्व. डा. सोनेलाल पटेल को याद किया। मीडिया से बातचीत में अनुप्रिया पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी निकाय चुनाव भी लड़ेगी। अभी यह तय नहीं है कि निकाय चुनाव पार्टी भाजपा के साथ मिलकर लड़ेगी या नहीं। इस मुद्दे पर बातचीत के बाद फैसला लिया जाएगा।

पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि अद (एस) की सफलता कार्यकर्ताओं की समर्पण का प्रतिफल है। वर्ष 2016 में अद (एस) का रजिस्ट्रेशन हुआ और छह साल में पार्टी को राज्यस्तरीय पार्टी का दर्जा मिल गया। किसी अन्य दल को इतने कम समय में ऐसी सफलता नहीं मिली है। पार्टी बढ़ रही है तो विरोध भी सामने आ रहे हैं। यह ट्रेंड चल गया है कि बड़े नेता का अपमान कीजिए और सुर्खियां बटोरिए। जैसे-जैसे पार्टी बढ़ेगी कुछ लोग जलन से मर जाएंगे। अभी पैर छूने का एक लाख लेने का आरोप लगाया गया है और भी कैसे-कैसे आरोप लगाए जा सकते हैं। इसकी लिस्ट बना रहा हूं। इस तरह का आरोप लगाने वाले लोगों का विरोधी इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि सोशल मीडिया पर इस तरह के किसी आरोपों पर जवाब देने की जरूरत नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here