भारतीय किसान यूनियन “महात्मा टिकैत” ने लखनऊ में किया विशाल धरना

0
24

स्व. चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 90वीं जयंती पर किसानों की समस्याओं को लेकर उठाई आवाज़

ब्यूरो,लखनऊ। देश के प्रख्यात किसान नेता स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की 90वीं जयंती के अवसर पर आज राजधानी लखनऊ के इको गार्डन में भारतीय किसान यूनियन “महात्मा टिकैत” द्वारा एक बड़ा धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश भर से हजारों किसान शामिल हुए।

धरने का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में किसानों से जुड़े लम्बे समय से लंबित मुद्दों को सरकार के समक्ष उठाना रहा इस अवसर पर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल तालान ने कहा कि प्रदेश और देश के किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन एकजुट हुआ है। मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी जाएंगी —

1- किसानों से किए गए चुनावी वादे जैसे मुफ्त बिजली, गन्ने के समर्थन मूल्य में वृद्धि और बकाया भुगतान की त्वरित व्यवस्था को तत्काल पूरा किया जाए।

2- भूमि अधिग्रहण के मामलों में किसानों को उचित और न्यायसंगत मुआवज़ा दिया जाए।

3- हाल ही में हुई बारिश से आलू व सरसों की फसल को हुए नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवज़ा उपलब्ध कराया जाए।

4- अनिल तालान ने कहा कि अगर सरकार ने किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो भारतीय किसान यूनियन “महात्मा टिकैत” चुनाव से पहले प्रदेशभर में नई रणनीति के तहत व्यापक आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जानकारी समय आने पर मीडिया को दी जाएगी।

इस मौके पर बड़ी संख्या में राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल तालान के साथ रामदत्त मिश्रा प्रदेश महासचिव, राकेश चौधरी राष्ट्रीय सचिव, ज्ञान सिंह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, विपिन तिवारी प्रदेश अध्यक्ष पूर्वांचल जोन समेत यूनियन के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के किसान आंदोलन में दिए गए योगदान को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here