Ram mandier news: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ध्वजारोहण को नए युग का शुरुआत बताया। कहा, भगवान राम का भव्य मंदिर 140 करोड़ भारतीयों की आस्था, सम्मान व आत्मगौरव का प्रतीक है। कहा, यह अवसर उन संतों, योद्धाओं, रामभक्तों की अखंड साधना-संघर्ष को समर्पित है, जिन्होंने आंदोलन व संघर्ष के लिए जीवन को समर्पित किया। जन-जन का विश्वास अटल था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जैसे संगठन के हाथों में कमान आई तो हर मुंह से एक ही उद्घोष निकलता था कि ‘रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। लाठी गोली खाएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे।‘एक समय था, जब वैभवशाली अयोध्या संघर्ष, बदहाली का शिकार बन चुकी थी, लेकिन पीएम मोदी के मार्गदर्शन व नेतृत्व में अयोध्या उत्सवों की वैश्विक राजधानी बन रही है। यहां हर दिन पर्व है और हर दिशा में रामराज्य की पुनर्स्थापना की दिव्य अनुभूति हो रही है।
इससे पहले उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत सियावर रामचंद्र, माता जानकी, सरयू मैया, भारत माता की जय और हर हर महादेव के उद्घोष से की।सीएम ने कहा कि ध्वजारोहण इस सत्य का उद्घोष है कि धर्म का प्रकाश अमर है और रामराज्य के मूल्य कालजयी हैं। कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 में जब नेतृत्व संभाला था, उसी दिन भारतवासियों के मन और हृदय में जिस संभावना, संकल्प व विश्वास का सूर्योदय हुआ, आज वही तपस्या, अनगिनत पीढ़ियों की प्रतीक्षा साकार होकर भव्य राम मंदिर के रूप में भारतवासियों व सनातन धर्मावलंबियों के समक्ष है।
राममंदिर पर फहराता ध्वज धर्म, मर्यादा, सत्य-न्याय व राष्ट्रधर्म का भी प्रतीक है। यह विकसित भारत की संकल्पना का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच सौ वर्षों में साम्राज्य बदले, पीढ़ियां बदलीं, लेकिन आस्था अडिग रही। आस्था न झुकी, न रुकी। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प का कोई विकल्प नहीं होता। सभी ने 11 वर्ष में बदलते भारत को देखा है। कहा, वर्तमान समय में 80 करोड़ लोगों को राशन, 50 करोड़ लोगों को निश्शुल्क स्वास्थ्य सुविधा, हर जरूरतमंद को आवास, हर व्यक्ति बिना भेदभाव शासन की योजनाओं का लाभ पा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला की नगरी आस्था, आधुनिकता और अर्थव्यवस्था के नए युग में प्रवेश कर चुकी है। यहां बेहतर कनेक्टिविटी है। धर्मपथ, रामपथ, भक्ति पथ, पंचकोसी, 14 के साथ 84 कोसी की परिक्रमा श्रद्धालुओं व भक्तों को नए मार्ग व आस्था को सम्मान प्रदान कर रही है। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कनेक्टिविटी की बेहतर सुविधा उपलब्ध करा रहा है।देश की पहली सोलर सिटी के रूप में नई अयोध्या का दर्शन हो रहा है। यह दिन हर भारतवासी, सनातन धर्मावलंबी के लिए आत्मगौरव-राष्ट्रगौरव का है।
कार्यक्रम का संचालन श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सचिव चंपतराय ने किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरी आदि उपस्थित रहे।
Controversies and questions surrounding the Ram Mandir Trust The legal battle surrounding the Shri Krishna Janmabhoomi case The Kashi Gyanvapi dispute The Love Jihad...