ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि मनरेगा मजदूरों को दस दिन में बकाया भुगतान न किया गया तो पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी। पूछा कि क्या यह सब लोग भूखे पेट त्यौहार मनाऐंगे? कहा कि मनरेगा मजदूरों का (अकुशल मजदूरी, कुशल मजदूरी एवं सामग्री बकाया) कुल 1600 करोड़ रुपये बाकी है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अजय राय और कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के चेयरमैन आरपी गौतम ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि आज यानी रविवार को गोरखपुर के चौरी चौरा में दलित सम्मान समारोह का आयोजन होना था लेकिन योगी सरकार ने पहले अनुमति देकर फिर रात को उसे निरस्त कर दिया।
यह दलित विरोधी सरकार है। गौतम ने कहा कि उन्हें गोरखपुर एयरपोर्ट के बाहर निकलते ही पुलिस ने रोक लिया। कार्यक्रम निरस्त करने का कारण होली का त्यौहार बताया गया। यह संवैधानिक अधिकारों का हनन है। पूछा कि क्या दलितों, पिछड़ों व अल्पसंख्यकों की समस्याओं पर चर्चा करना असंवैधानिक है ?
अजय राय ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके कुछ लोग स्वयं को संविधान से ऊपर समझते हैं। योगी बुलडोजर माडल से विरोधियों की आवाज दबाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने 2021 में मनरेगा कर्मियों की बेहतरी के लिए कुछ योजनाएं घोषित की थीं, जिसमें 24 आकस्मिक अवकाश व 12 चिकित्सा अवकाश मिलने की बात कही गई थी किंतु 2024 में संबंधित विभाग ने सूचना के अधिकार के माध्यम से बताया कि ऐसा कोई आदेश जारी नहीं है।












