भारत ने अहमदाबाद में रच दिया इतिहास

0
12

T20 World Cup 2026 news: संजू सैमसन (89), ईशान किशन (54) और अभिषेक शर्मा (52) के अर्धशतक की बदौलत भारतीय टीम ने टी20 विश्‍व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्‍यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार खिताब पर कब्‍जा जमाया। इसके साथ ही टीम इंडिया बैक टू बैक ट्रॉफी जीतने वाली और बतौर होस्‍ट टी20 विश्‍व कप जीतने वाली पहली टीम बन गई है।

इंग्‍लैंड और वेस्‍टइंडीज ने 2-2 बार टी20 विश्‍व कप जीता है। इतना ही नहीं भारतीय टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्‍टेडियम का इतिहास भी पलट दिया है। वनडे विश्‍व कप 2023 के फाइनल में ऑस्‍ट्रेलिया ने भारत को इसी मैदान पर शिकस्‍त दी थी। मुकाबले की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए थे। जवाब में कीवी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। न्‍यूजीलैंड की ओर से टिम सीफर्ट ने अर्धशतक लगाया। कप्‍तान सेंटनर ने 43 रन की पारी खेली।

धीमी शुरुआत के बाद बरसे ओपनर

तमाम आलोचनाओं के बाद भी भारत की ओर से अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन की सलामी जोड़ी मैदान पर आई। पहले ओवर में संजू ने संभलकर बल्‍लेबाजी की और आखिरी गेंद पर सिक्‍स लगाया। दूसरे ओवर में अभिषेक ने कोई जल्‍दबाजी नहीं दिखाई। हालांकि, इसके बाद दोनों ने कीवी गेंदबाजों का आड़े हाथों लिया। इस जोड़ी ने चौकों-छक्‍कों से अपनी पारी को बुनना शुरू किया।

पावरप्‍ले में जड़ दिए 92 रन

तीसरे ओवर में अभिषेक ने 2 चौके लगाकर लय प्राप्‍त की। चौथे ओवर में उन्‍होंने एक चौका और एक छक्‍का लगाया। 6 ओवर में भारतीय टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 92 रन जड़ दिए। 98 के स्‍कोर पर भारत को पहला झटका लगा। 18 गेंदों पर अर्धशतक लगाने वाले अभिषेक शर्मा 52 के स्‍कोर पर आउट हुए। 3 नंबर पर उतरे ईशान किशन पवेलियन से ही सेट होकर आए। भारतीय टीम ने 7.2 ओवर में अपना शतक पूरा किया।

टी20 विश्व कप पावरप्ले में सर्वाधिक स्‍कोर

  • 92/0 – भारत बनाम न्यूजीलैंड, अहमदाबाद, 2026 फाइनल
  • 92/1 – वेस्टइंडीज बनाम अफगानिस्तान, ब्रिजटाउन, 2024
  • 91/1 – नीदरलैंड बनाम आयरलैंड, सिलहट, 2014
  • 89/3 – इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका, मुंबई विश्व कप, 2016
  • 86/1 – भारत बनाम नामीबिया, दिल्ली, 2026

संजू ने लगाई फिफ्टी की हैट्रिक

संजू सैमसन ने ईशान किशन के साथ मिलकर रन गति रुकने नहीं दी। 33 गेंदों पर संजू ने अपना अर्धशतक पूरा किया। सुपर-8 में वेस्‍टइंडीज (97), सेमीफाइनल में इंग्‍लैंड (89) और फाइनल में कीवी टीम के खिलाफ उन्‍होंने फिफ्टी लगाई।

अर्धशतक लगाने के बाद संजू और खतरनाक नजर आए और उन्‍होंने सिक्‍स में डील शुरू कर दी। 14वें ओवर की आखिरी 3 गेंदों पर संजू ने 3 हवाई फायर किए। 15 ओवर में ही भारत का स्‍कोर 203 रन हो गया था। इसके बाद भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा। 16वें ओवर की पहली गेंद पर संजू कैच आउट हुए।

शतक से चूके संजू

जेम्स नीशम की ऑफ स्‍टंप के बाहर फुलटॉस गेंद पर संजू ने आगे बढ़कर शॉट खेलने की कोशिश की। टाइमिंग सही नहीं थी ऐसे में लॉन्ग-ऑन पर खड़े सब्स्टीट्यूट कोल मैककॉन्ची ने संजू का कैच लिया। वह शतक से चूक गए। विकेटकीपर बल्‍लेबाज ने 46 गेंदों पर 89 रन की पारी खेली।

टी 20 विश्व कप के सेमीफाइनल और फाइनल में अर्धशतक

  • शाहिद अफरीदी (2009)
  • विराट कोहली (2014)
  • संजू सैमसन (2026)

टी 20 सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के

  • 25 – फिन एलन (न्यूजीलैंड) बनाम पाकिस्तान, 2024
  • 24 – संजू सैमसन (भारत) टी20 विश्व कप 2026
  • 24 – सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे) टी20 विश्व कप अफ्रीका क्वालीफायर, 2023/24
  • 22 – फिल सॉल्ट (इंग्लैंड) बनाम वेस्टइंडीज, 2023
  • 22 – अभिषेक शर्मा (भारत) बनाम इंग्लैंड, 2025
  • 22 – टिम सीफर्ट (न्यूजीलैंड) बनाम पाकिस्तान, 2025

टी20 विश्व कप में लगातार सर्वाधिक 50 से अधिक स्कोर

  • 3 – महेला जयवर्धने (2010)
  • 3 – विराट कोहली (2016-2021)
  • 3 – बाबर आजम (2021)
  • 3 – केएल राहुल (2021)
  • 3 – कुसल मेंडिस (2026)
  • 3 – साहिबजादा फरहान (2026)
  • 3 – संजू सैमसन (2026)

16वें ओवर में लगे 3 झटके

16वां ओवर भारतीय टीम के लिए खराब साबित हुए और कीवी टीम ने मैच में वापसी की। संजू के बाद जेम्स नीशम ने 5वीं गेंद पर सेट बल्‍लेबाजी ईशान किशन को पवेयिलन भेजा। ईशान ने 25 गेंदों पर 54 रन ठोके। टी20 विश्व कप के इतिहास में पहली बार किसी टीम की पारी में टॉप तीन बल्लेबाजों ने 50 रन का आंकड़ा पार किया है।

कप्‍तान सूर्या का नहीं खुला खाता

ओवर की आखिरी गेंद पर नीशम ने कप्‍तान सूर्यकुमार यादव को उनके पसंदीदा शॉट पर वापस भेज दिया। स्‍काई गोल्‍डन डक पर आउट हुए। ऑफ स्टंप से बाहर शॉर्ट लेंथ को सूर्या ने शॉर्ट आर्म जैब खेला और रचिन रवींद्र को काफी मेहनत कर इस कैच को लपका। वह दाईं ओर दौड़े और डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर एक नीचा कैच लिया। एक ओवर में 3 विकेट गिरने के बाद तो स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया।

अगले 4 ओवर में 28 रन

कीवी टीम की मैच में वापसी हो चुकी थी। बैक टू बैक विकेट गिरने का असर स्‍कोर बोर्ड पर भी देखने को मिला। अगले 4 ओवर (16 से 19) में भारतीय टीम ने 28 रन बनाए और 1 विकेट गंवाया। 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या सस्‍ते में आउट हुए। भारतीय ऑलराउंडर ने 13 गेंदों का सामना किया और 18 रन बनाए।

दुबे ने 250 के पार पहुंचाया

हालांकि, 20 ओवर में शिवम दुबे ने हवाई फायर कर भारत का स्‍कोर 250 के पार पहुंचा दिया। इस ओवर में दुबे ने 3 चौके और 2 छक्‍के लगाए। वह 8 गेंदों पर 26 रन बनाकर नाबाद रहे। तिलक वर्मा ने 6 गेंदों पर 8* रनों का योगदान दिया। न्‍यूजीलैाउ की ओर से जेम्‍स नीशम को 3 सफलताएं मिलीं। वहीं रचिन रविंद्र और मैट हेनरी के खाते में 1-1 विकेट आया।

एलन को मिला जीवनदान

256 रन चेज करने उतरी ब्‍लैक कैप्‍स को पहले ही ओवर में जीवनदान मिल गया। अर्शदीप सिंह की गेंद पर शिवम दुबे ने पिछले मैच के शतकवीर फिन एलन का कैच छोड़ दिया। दूसरे ओवर में टिम सीफर्ट ने हार्दिक पांड्या की क्‍लास लगाई और 2 चौके-2 छक्‍के जड़ दिए। तीसरे ओवर में उपकप्‍तान अक्षर पटेल ने भारत को पहली सफलता दिलाई। तिलक वर्मा ने फिन एलन (9) का उम्‍दा कैच लिया।

बुमराह ने दिलाई सफलता

भारतीय कप्‍तान ने इसके बाद अपने तुरुप के इक्‍के जसप्रीत बुमराह को गेंद थमा दी। बुमराह ने चौथे ओवर की पहली ही गेंद पर रचिन रवींद्र (1) का शिकार कर लिया। ईशान ने रचिन का अविश्‍वसनीय कैच लिया। 5वें ओवर में अक्षर पटेल ने ग्‍लेन फिलिप्‍स (5) को बोल्‍ड किया। कीवी टीम के विकेट गिर रहे थे पर ओपनर टिम सीफर्ट एक छोर पर डटे हुए थे।

टिम ने लगाया अर्धशतक

पावरप्ले के बाद हार्दिक पांड्या ने मार्क चैपमैन (3) को बोल्‍ड किया। 9वें ओवर की पहली गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने बड़ी मछली जाल में फंसाई। उन्‍होंने टिम सीफर्ट को वापस भेजा। टिम ने 26 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली। ईशान किशन ने बाउंड्री रोप्स के पास एक और शानदार कैच पकड़ा।

टी20 विश्व कप के एक संस्करण में सबसे ज्‍यादा रन

  • 383 – साहिबजादा फरहान (2026)
  • 326 – टिम सीफर्ट (2026)
  • 321 – संजू सैमसन (2026)
  • 319 – विराट कोहली (2014)
  • 317 – तिलकरत्ने दिलशान (2009)
  • 317 – ईशान किशन (2026)

बुमराह ने चटकाए 4 विकेट

13वें ओवर में अक्षर पटेल ने डेरेल मिचेल को ईशान किशन के हाथों कैच आउट कराया। 16वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने 2 शिकार किए। उन्‍होंने तीसरी गेंद पर जेम्‍स नीशम (8) और चौथी गेंद पर मैट हेनरी (0) को बोल्‍ड किया। 18वें ओवर में बुमराह ने कीवी कप्‍तान मिचेल सेंटनर के स्‍टंप उखाड़ दिए। सेंटनर ने 35 गेंदों पर 43 रन बनाए।

19वें ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक शर्मा ने जैकब डफी का विकेट चटकाया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट चटकाए। अक्षर पटेल ने 3 शिकार किए। हार्दिक पांड्या, वरुण चक्रवर्ती और अभिषेक शर्मा की झोली में 1-1 विकेट आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here