
पंकज चौधरी ने कहा कि सपा के शीर्ष नेता खुलेआम कहते हैं कि उनकी सरकार बनने पर मुकदमे वापस ले लिए जाएंगे। क्या इसका मतलब यह है कि नकली नोट छापने वाले, देश की जड़ों को कमजोर करने वाले लोगों को भी बचाया जाएगा? अपराधियों को खुली छूट और कानून का मजाक, क्या यही सपा की राजनीति है ? पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सुप्रीमो को अब जनता को जवाब देना ही होगा। क्या ऐसे राष्ट्रविरोधी कृत्य में शामिल लोगों पर भी रहम किया जाएगा? या फिर सत्ता की लालसा में देशहित को बार-बार कुचला जाता रहेगा? भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी देशहित को सर्वोपरि रखना होती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सपा ने बार-बार साबित किया है, उसकी प्राथमिकता सिर्फ और सिर्फ सत्ता है। चाहे इसके लिए देश की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और सम्मान ही क्यों न दांव पर लग जाए। लाल टोपी का काला इतिहास जनता बखूबी जानती है और 27 में इनको हार की हैट्रिक लगवाएगी।
प्रयागराज में सोमवार को पकड़े 1.18 लाख रुपये के नकली नोट के पीछे देवरिया के समाजवादी पार्टी नेता विवेक यादव का नाम सामने आया है। इसके बाद से राजनीति गरमाई हुई है। पकड़े गए चार आरोपितों से पूछताछ में पता चला है कि विवेक यादव ही गिरोह का सरगना है। वह देवरिया में नकली नोट बनाने की फैक्ट्री चला रहा था। पुलिस के अनुसार, फरार विवेक यादव की तलाश की जा रही है। आरोपितों के कब्जे से नकली नोटों के साथ ही इसे बनाने के उपकरण, लैपटाप, कार समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि देवरिया के रहने वाले विवेक यादव अपने घर पर धर्मेंद्र कुमार के साथ मिलकर नकली नोट बनाने का काम करता था। वहीं, नरेंद्र यादव उर्फ विराट अलग-अलग लोगों से डील करता था। इसके बाद भदोही का राहुल यादव एवं विवेक कुमार यादव नकली नोट खपाने का काम करते थे। प्रयागराज पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर राहुल और विवेक कुमार यादव को गिरफ्तार किया। इसके बाद पूरे सिंडिकेट का खुलासा हुआ।












