लखनऊ: आज से लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर वाहन दौड़ने लगेंगे। सोमवार को रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह एवं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सोमवार को इस एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सप्रेसवे 4200 करोड़ रुपये की लागत से बना है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे 63 किलोमीटर लंबा सिक्स-लेन एक्सप्रेसवे है। इस एक्सप्रेसवे से सफर का समय एक घंटा कम हो जाएगा। पहले इस यात्रा में दो घंटे लगते थे, लेकिन अब एक घंटे में ही यह दूरी तय की जा सकेगी।
दोनों तरफ की यात्रा 24 घंटे में होने पर टोल में रियायत
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर कार, जीप जैसे वाहनों से यात्रा करने पर एक तरफ का टोल टैक्स 275 रुपये लगेगा। यदि इसी एक्सप्रेसवे से 24 घंटे के अंदर वापसी होती है तो दोनों तरफ का कुल टोल 415 रुपये लगेगा। हल्के कामर्शियल वाहनों को एक तरफ की यात्रा में 445 रुपये और 24 घंटे में वापसी पर दोनों तरफ का कुल 670 रुपये शुल्क लगेगा। बस और ट्रक जैसे वाहनों को एक तरफ के सफर में 935 रुपये और 24 घंटे में वापसी पर 1405 रुपये टोल देना होगा। मल्टी-एक्सल वाहनों के लिए एक तरफ का टोल टैक्स 1020 रुपये और 24 घंटे में वापसी पर दोनों तरफ का कुल 1530 रुपये टोल तय किया गया है।
- कार, जीप या वैन: एक तरफ के 275 रुपये, 24 घंटे में वापसी पर कुल 415 रुपये
- हल्के व्यावसायिक वाहन: एक तरफ के 445 रुपये, 24 घंटे में वापसी पर कुल 670 रुपये
- बस और ट्रक: एक तरफ का 935 रुपये, 24 घंटे में वापसी पर कुल 1405 रुपये
- मल्टी-एक्सल वाहन (भारी वाहन): एक तरफ का 1020 रुपये, 24 घंटे में वापसी पर कुल 1530 रुपये
सिर्फ फास्टैग से ही कटेगा टोल
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे देश का ऐसा पहला एक्सप्रेसवे है जिस पर कहीं भी टोल बैरियर नहीं होंगे। इस बैरियर लेस एक्सप्रेसवे पर चार टोल प्लाजा शिवपुरा, बनी, अमरसास और आजाद चौराहे पर बनाए गए हैं। जब कोई वाहन इन टोल प्लाजा से होकर गुजरेगा तो फास्टैग के जरिए उसका टोल टैक्स अपने आप कट जाएगा।इस एक्सेस-कंट्रोल्ड एक्सप्रेसवे से दोनों शहरों के बीच तेज और सुरक्षित यात्रा की सुविधा मिलने और मौजूदा रूट पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। इस एक्सप्रेसवे पर दो पहिया और तीन पहिया वाहनों को चलने की इजाजत नहीं होगी। यह पाबंदी सिक्स लेन कॉरिडोर के एक्सेस कंट्रोल्ड डिजाइन के तहत लागू की गई है।
हरदोई -लखनऊ फोर लेन का उद्घाटन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी सोमवार को लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के अलावा दो और नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट लॉन्च करेंगे। यह सभी परियोजनाएं 4850 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूरी की गई हैं। इसमें एक बड़ा प्रोजेक्ट हरदोई और लखनऊ के बीच एनएच 731 के पैकेज चार के तहत फोर-लेन का निर्माण है। यह 541 करोड़ रुपये की लागत से बना 32 किलोमीटर लंबा हाईवे है। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर बनेगी और यात्रियों व माल ढुलाई आसान होगी।
राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी नेशनल हाईवे 24 पर लखनऊ में इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर एक फोर लेन फ्लाईओवर की आधारशिला भी रखेंगे। इस एक किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर के निर्माण में 109 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। इसे बनाने का मकसद लखनऊ के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक पर जाम की समस्या को कम करना है। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। इन परियोजनाओं से रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत होने, कनेक्टिविटी बेहतर होने, यात्रा का समय कम होने और पूरे उत्तर प्रदेश में आर्थिक विकास को प्रोत्साहन मिलने की आशा है।













