लखनऊ मण्डल के 1311 रेलकर्मियो ने किया अयोध्या, नेमिषारण्य, श्रावस्ती तथा कतर्नियाघाट का भ्रमण शिविर

0
11

 लखनऊ। पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल कर्मचारी कल्याण एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरन्तर प्रयासरत है। इसी परिप्रेक्ष्य में मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन में ‘कर्मचारी कल्याण निधि’ के अंतर्गत दिनांक 22, 23, 24 एवं 27 अक्टूबर, 2026 को गोरखपुर, लखनऊ तथा गोण्डा परिक्षेत्र के 203 महिला एवं पुरुष रेलकर्मियों हेतु एक दिवसीय ‘अयोध्या भ्रमण शिविर’ का आयोजन किया गया।

भ्रमण के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अयोध्याधाम में भव्य श्रीराम मंदिर में दर्शन-पूजन कर हनुमानगढ़ी मंदिर में आशीर्वाद प्राप्त किया तथा लता चौक एवं पवित्र सरयू नदी के तट पर स्थित रामघाट का भ्रमण किया। सरयू तट के शांत एवं आध्यात्मिक वातावरण ने प्रतिभागियों को आत्मिक शांति एवं नई ऊर्जा प्रदान की।

उल्लेखनीय है कि लखनऊ मण्डल में 8 अप्रैल 2026 को अयोध्या भ्रमण शिविर से शुरू हुआ यह कल्याणकारी भ्रमण कार्यक्रम मण्डल के महत्वपूर्ण क्षेत्रों यथा लखनऊ, गोरखपुर, गोण्डा, बहराइच तथा मैलानी परिक्षेत्र तक पहुँच चुका है। जिसके अंतर्गत अभी तक 27 भ्रमण शिविरों में 1311 कर्मचारियों (पुरुष-1021 एवं महिला-290) ने अयोध्या, नैमिषारण्य, श्रावस्ती तथा कतर्नियाघाट के भ्रमण शिविर का लाभ उठाया है। जिसमें माह अक्टूबर में अभी तक 12 भ्रमण शिविर (एक माह में सार्वधिक) का आयोजन किया जा चुका है।

आने वाले माह में लखनऊ मण्डल प्रशासन द्वारा ‘One Day, One Tour’ के आयोजन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिससे अधिक से अधिक कर्मचारी इसका लाभ उठा सकें तथा एक वर्ष में पुनः भ्रमण शिविर जाने के लिए पात्र हो सकें।

मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य रेलकर्मियों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों से जोड़ना, उनके कार्यस्थल के तनाव को कम करना, आपसी सामाजिक जुड़ाव एवं टीम भावना को बढ़ावा देना है। इस प्रकार के कल्याणकारी आयोजनों से कर्मचारियों में आत्मविश्वास, सकारात्मक ऊर्जा एवं कार्य के प्रति नई प्रेरणा का संचार होता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here