खाना खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी थीलखनऊ। राजधानी लखनऊ में निर्वाण संस्था में बच्चों की तबीयत खराब होने से गुरुवार को एक और बच्चे की मौत हो गई। अस्पताल में भर्ती सूरज की इलाज के दौरान मौत हो गई। अब तक कुल चार बच्चों की जान जा चुकी है। सुबह मंडलायुक्त रोशन जैकब और डीएम विशाख जी ने लोकबंधु अस्पताल पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
मोहान रोड स्थित निर्वाण संस्था में चार दिन पहले 70 मानसिक मंदित बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। आनन-फानन 24 बच्चों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां सोमवार को एक बालक और मंगलवार को दो बालिकाओं की मौत हो गई। वहीं गुरुवार की सुबह एक और बच्चे की मौत हो गई। अन्य का इलाज चल रहा है। छह बच्चों को डिस्चार्ज किया जा चुका है।
बुधवार को भी जिलाधिकारी टीम के साथ संस्था पहुंचकर निरीक्षण किया। संस्था संचालक, अधीक्षिका व कर्मचारियों से मामले की जानकारी ली। निर्वाण संस्था में निराश्रित मानसिक मंदित बालक और बालिकाओं को आश्रय दिया जाता है। शनिवार, 22 मार्च की रात को खाना खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ी थी। एक के बाद एक बीमार हुए सभी बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को 12 साल के शिवांक की मौत हो गई थी। मंगलवार को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती रेनू (15) और दीपा (12) ने भी दम तोड़ दिया।
संस्था प्रशासन के मुताबिक शनिवार रात बच्चों को सामान्य भोजन दिया गया था। कुछ देर बाद तीन-चार बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। उनको पेट दर्द और उल्टियां होने लगीं। सभी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ देर बाद अन्य बच्चे उल्टी करने लगे। कुल 24 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से छह स्वस्थ हो चुके हैं। 46 ऐसे बच्चे भी हैं जिनका इलाज संस्था परिसर में ही सीएमओ की टीम कर रही है। इनका स्वास्थ्य भी अब बेहतर है।प्रशासन ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। विसरा और हार्ट प्रिजर्व किया गया है। विसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा। हालांकि फूड पॉइजनिंग की आशंका है।
लोकबंधु अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि कुल 24 बच्चे दो-दो और तीन-तीन करके लाए गए। इन बच्चों को संक्रमण की वजह से उल्टी और दस्त की समस्या थी। इनमें से तीन बच्चों की मौत हो गई है। छह बच्चे डिस्चार्ज हो गए हैं। अभी 15 बच्चों का इलाज चल रहा है। संक्रमण की वजह दूषित भोजन या पानी हो सकता है सीएमओ डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि बच्चों के बीमार होने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजी गई थी। संस्था में 70 बच्चे बीमार थे। इनमें से 24 को लोकबंधु अस्पताल भेजा गया। बच्चों के स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है।
Controversies and questions surrounding the Ram Mandir Trust The legal battle surrounding the Shri Krishna Janmabhoomi case The Kashi Gyanvapi dispute The Love Jihad...