प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बनी रणनीति : सभी लोकसभा क्षेत्र में 125 बूथ मजबूत करेगी भाजपा

0
268

ब्यूरो

लखनऊ। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 75 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा और भाजपा ने इस लक्ष्य के संधान के लिए रणनीति भी बना ली। बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने सदस्यों से रोडमैप साझा किया। तय हुआ है कि लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा कमजोर बूथों को चिन्हित कर उनके सशक्तीकरण का अभियान चलाएगी। हर लोकसभा क्षेत्र में 125 बूथों को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए जिला स्तर पर 80 से 100 कार्यकर्ताओं की टोली बनाई जाएगी।

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के एक सत्र में सुनील बंसल ने आगामी कार्यक्रमों-अभियानों की रूपरेखा और चुनावी रणनीति बताई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिन बूथों पर पार्टी की स्थिति कमजोर है, वहां इस दिशा में काम करना है कि पार्टी कैसे मजबूत हो। सभी 80 लोकसभा सीटों और 403 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के कमजोर बूथों पर सशक्तीकरण का महाअभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सांसदों को 100 और विधायकों को 25 बूथ आवंटित किए जाएंगे। इसके लिए प्रदेश, क्षेत्र, जिला और विधानसभा स्तर पर टोली बनाई जाएगी। जिला स्तर पर इस अभियान में कुल 80 से 100 कार्यकर्ताओं की टोली रहेगी।प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने बताया कि 15 से 30 जून के बीच सांसदों और विधायकों को एक लोकसभा क्षेत्र में कुल 125 बूथों पर जाकर लोगों से संपर्क करना है। जुलाई में दोबारा फिर से इन्हीं बूथों पर संपर्क के लिए जाना है। साथ ही, केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं के लाभार्थियों से भी संपर्क करना है। उन्हें भाजपा से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के आठ वर्ष सोमवार को पूरे हो रहे है। इस दिन से पूरे प्रदेश में आठ वर्ष ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ के कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अभियान का शुभारंभ करेंगे। सोमवार को कोरोना की विभिषिका में माता-पिता को खो चुके बच्चों की मदद के लिए पीएम केयर फंड से सहायता दी जाएगी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुबह 10.30 बजे कार्यक्रम शुरू करेंगे। देशभर में जिला स्तर पर यह कार्यक्रम होंगे। इनमें मंत्रियों और सांसदों की सहभागिता रहेगी। मंगलवार को प्रधानमंत्री शिमला से किसान सम्मान निधि की अगली किस्त जारी करेंगे। सभी जिलों में एलईडी के माध्यम से कार्यक्रम का प्रसारण होगा। उत्तर प्रदेश में भी ब्लाक स्तर पर कार्यक्रम होंगे। सभी कार्यकर्ता इन कार्यक्रमों में उपस्थित रहेंगे।

भाजपा सरकार की योजनाओं के लाभार्थी व जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। इसी तरह रिपोर्ट टू नेशन अभियान के तहत एक जून को मुख्यमंत्री योगी, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में मोदी सरकार की आठ वर्ष की उपलब्धियों के बारे बताएंगे, जबकि 2 और 3 जून को जिलों में सांसद, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मंत्री और विधायक आठ वर्ष के शासन की उपलब्धियों की पुस्तिका का विमोचन करेंगे। इसके बाद संगठन द्वारा बूथ स्तर पर संपर्क के कार्यक्रम किए जाएंगे।

’75 घंटे बूथ पर’ अभियान 4 से 14 जून तक चलेगा। इसमें विभिन्न कार्यक्रम होंगे। सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों सहित प्रदेश, क्षेत्र, जिला व मंडल स्तर तक के पदाधिकारी इस अभियान में जुड़ेंगे। शक्ति केंद्र के बूथों पर संपर्क, बैठक, पत्रक वितरण करना है। इसके अलावा समाज के अलग-अलग वर्गों किसानों, महिलाओं, अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, गरीब, कोविड टीकाकरण अभियान के वालंटियर व लाभार्थियों के साथ संपर्क-संवाद किया जाएगा।10 जून के बाद केंद्रीय मंत्री जिलों में प्रवास कर आठ वर्ष की उपलब्धियां बताएंगे। बंसल ने बताया कि 3 जून से 14 जून के बीच जिला स्तर पर गरीब कल्याण पर केंद्रित जनसभाएं होंगी, जिनमें केंद्र व प्रदेश सरकार के मंत्री शामिल रहेंगे। 21 जून को विश्व योग दिवस पर 25 हजार स्थानों पर योग के कार्यक्रम किए जाएंगे। इससे पहले योग जागरूकता संबंधी अभियान चलाकर लोगों को कार्यक्रम के लिए आमंत्रण दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद डा. रमापति राम त्रिपाठी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनोद सोनकर, रेखा वर्मा, राष्ट्रीय मंत्री सत्या कुमार, प्रदेश के सहप्रभारी संजीव चौरसिया, केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, साध्वी निरंजन ज्योति, प्रो. एसपी सिंह बघेल, बीएल वर्मा, कौशल किशोर, पंकज चौधरी और संजीव बालियान।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here