जवानों का योगदान उनकी ड्यूटी के साथ-साथ, समाज सेवा के तौर पर भी देखने को मिलता है-धर्मवीर प्रजापति

0
306

 

लखनऊ।  कारागार एवं होमगार्ड राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने सोमवार को कहा कि होमगार्ड के जवानों ने सभी क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है और जवानों की भूमिका शासन-प्रशासन के सभी विभागों में रहती है।
उत्तर प्रदेश होमगार्ड विभाग के ६० वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को यहां होमगार्ड मुख्यालय में आयोजित समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए प्रजापति ने कहा, होमगार्ड के जवानों का योगदान उनकी ड्यूटी के साथ-साथ, समाज सेवा के तौर पर भी देखने को मिलता है। प्रजापति ने अपने संबोधन कहा कि वर्तमान सरकार का पिछला कार्यकाल निरंतर प्रगति का कार्यकाल रहा है और प्रदेश के मुख्यमंत्री सकारात्मक सोच के साथ विभाग के साथ हैं।

होमगार्ड विभाग का ६०वां स्थापना दिवस समारोह सोमवार को होमगार्ड्स मुख्यालय परिसर स्थित परेड ग्राउण्ड में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रंग-बिरंगे झण्डे से सुसज्जित परेड ग्राउण्ड पर सेरमोनियल वर्दी से सजी महिला तथा पुरुष जवानों की सशस्त्र, यातायात तथा फायर फायटिंग प्लाटूनों के द्वारा प्रदर्शित रैतिक परेड का मान प्रणाम मुख्य अतिथि धर्मवीर प्रजापति, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), कारागार एवं होमगार्डस, उ.प्र. द्वारा स्वीकार किया गया।रैतिक परेड में होमगार्ड जवानों के प्रदर्शन, देशभक्ति गीतों की बैण्ड धुन और अधिकारियों-कर्मचारियों के उत्साह ने अद्भुत दृश्य सृजित कर परेड ग्राउण्ड पर उपस्थित विशिष्ट अतिथियों व उच्चाधिकारियों एवं जनमानस को रोमांचित कर दिया।

राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने  भव्य रैतिक परेड का मान प्रणाम स्वीकार किया। परेड कमाण्डर धीरेन्द्र नाथ सिंह, जिला कमाण्डेन्ट, फतेहगढ, सेकेण्ड इन कमाण्ड राहुल कुमार, जिला कमाण्डेन्ट, सिद्धार्थनगर, परेड एड्जूटेन्ट हरिशंकर चौधरी, जिला कमाण्डेन्ट, हमीरपुर, कम्पनी कमाण्डर दिलीप कुमार फौजदार, बृजभान सिंह, बृजेश कुमार वर्मा और लाल साहब, निरीक्षक के नेतृत्व में आयोजित रैतिक परेड द्वारा मुख्य अतिथि राज्यमंत्री को उच्च स्तरीय सलामी दी गई।

परेड में 12 प्लाटूनें सम्मिलित थीं जिसमें 3 प्लाटून 5.56 एमएम इन्सास रायफल के साथ, 4 प्लाटून पुरूष 303 रायफल के साथ, 3 प्लाटून महिला 303 रायफल के साथ तथा 1 प्लाटून यातायात एवं 1 प्लाटून फायर फायटिंग की सम्मिलित थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here