नगर निगम- मार्च तक हाउस टैक्स जमा करें
भईया हाऊस टैक्स जमा कर दो वर्ना नगर निगम करेगी सीलिंग व कुर्की की कार्यवाही…
ब्यूरो,लखनऊ। राजधानी वालों हो जाओ सावधान! नगर निगम अब एक्शन मोड में आ गया है क्योंकि शहर में 81 ऐसे बड़े बकाएदार हैं,जिन्होंने एक करोड़ से अधिक का हाउस टैक्स नहीं जमा किया है। इसी तरह, 50 लाख रुपये से अधिक टैक्स जमा करने वाले 139 बकायेदार हैं। 50 हजार रुपये से अधिक के 26,300 बकायेदार हैं। इसलिये अपना हाउस टैक्स नगर निगम की साईट पर जमाकर सुकून की नींद सोयें,वर्ना अधिकारी करेंगे आपकी सीलिंग व कुर्की की कार्रवाई। आखिरी मौका सिर्फ और सिर्फ मार्च तक का दिया गया है।
गृहकर जमा नहीं करने वालों पर अब नगर निगम सख्ती करेगा। मार्च तक जमा न करने पर बकाया गृहकर पर 12 प्रतिशत वसूला जायेगा। आवश्यकतानुसार सीज करने, सीलिंग व कुर्की की कार्रवाई भी होगी। शहर में सात लाख से अधिक प्रॉपर्टी हैं, जिसमें बकायेदार व्यावसायिक प्रॉपर्टी भी हैं, जिन पर कड़ाई से कार्रवाई होगी। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि शहर में सात लाख से अधिक प्रॉपर्टी है। अब तक तीन लाख 92 हजार प्रॉपर्टी का गृहकर जमा हो चुका है। तीन लाख आठ हजार ऐसे प्रॉपर्टी धारक हैं, जिन्होंने अब तक गृहकर नहीं जमा किया है। शहर में 86000 व्यावसायिक भवन भी हैं, जिनमें से 55 हजार का गृहकर जमा हो चुका है। शेष को जल्द ही नोटिस जारी कर सीलिंग की जायेगी। शहर में 81 बड़े बकायेदार हैं जिन्हें एक करोढ़ रुपये से अधिक टैक्स जमा करना है। इसके साथ ही 50 लाख रुपये से अधिक टैक्स जमा करने वाले 139 बकायेदार हैं। 50 हजार रुपये से अधिक के 26,300 बकायेदार हैं।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह ने बताया कि ऑनलाइन हाउस टैक्स पेमेंट के लिये निगम की वेबसाइट पर जाना होगा। अपना मोबाइल नंबर पंजीकृत करवाने के बाद करदाता को हाउस आईडी भरनी होगी। जिसके पास नई हाउस आईडी है, वह उसे भरेगा, लेकिन जिसके पास पुरानी हाउस आईडी है तो उसे नो योर हाउस टैक्स के ऑप्शन में जाकर नई हाउस आईडी जाननी होगी। यह पुरानी हाउस आईडी डालने पर मिल जायेगी। उसे भरने के बाद भवन स्वामी का यूजर आईडी पासवर्ड बन जायेगा, जिसके बाद वह हाउस टैक्स पेमेंट के विकल्प पर जाकर टैक्स जमा कर सकते हैं।