किसके सिर सजेगा ऑरेंज कप का ताज…

0
9

क्या वैभव को पीछे छोड़ पाएंगे गिल और सुदर्शन !

अहमदाबाद। आईपीएल 2026 का सीजन अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। इस सीजन खूब रन बरसे और कई बल्लेबाजों ने सुर्खियां बटोरी। सबसे ज्यादा अगर किसी चेहरे पर ध्यान केंद्रित रहा तो वह राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। 15 साल की उम्र में वैभव ने अपने खेल से दुनियाभर के दिग्गज खिलाड़ियों को प्रभावित किया है और यह बहस भी छेड़ दी है कि क्या इस बल्लेबाज को राष्ट्रीय टीम में डेब्यू का मौका मिलना चाहिए? वैभव ने इस सीजन दमदार प्रदर्शन किया और वह टूर्नामेंट के इस सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में फिलहाल शीर्ष पर हैं।
वैभव की टीम राजस्थान रॉयल्स का सफर आईपीएल 2026 में क्वालिफायर-2 में हार के साथ ही खत्म हो गया है। अब रविवार को फाइनल में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना गुजरात टाइटंस से है। ऑरेंज कैप की दौड़ में वैभव अभी भी सबसे आगे हैं, लेकिन गुजरात के दो बल्लेबाज शुभमन गिल और साई सुदर्शन भी रेस में बने हुए हैं। गिल-सुदर्शन और वैभव के बीच अभी अच्छा फासला है, लेकिन जिस तरह गिल और सुदर्शन ने क्वालिफायर-2 में बल्लेबाजी की है उससे ऑरेंज कैप की दौड़ और भी दिलचस्प हो गई है।
आईपीएल में हर सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज को ऑरेंज कैप दी जाती है। यह सिर्फ एक पुरस्कार नहीं बल्कि पूरे सीजन में बल्लेबाज की निरंतरता और दबदबे का प्रतीक है। 2008 से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में अब तक कई दिग्गज बल्लेबाजों ने इस कैप को अपने नाम किया है। खास बात यह है कि 18 सीजन में 14 अलग-अलग खिलाड़ी ऑरेंज कैप जीत चुके हैं, जो इस प्रतियोगिता की प्रतिस्पर्धा को दिखाता है।
इस खिलाड़ी ने जीती सबसे ज्यादा ऑरेंज कैप

  • अगर सबसे ज्यादा बार ऑरेंज कैप जीतने की बात करें तो डेविड वॉर्नर सबसे आगे हैं।
  • उन्होंने तीन बार यह खिताब अपने नाम किया है (2015, 2017, 2019)।
  • वहीं क्रिस गेल ने दो बार और विराट कोहली ने भी दो बार ऑरेंज कैप जीती है।
  • कोहली का 2016 सीजन (973 रन) आज भी आईपीएल इतिहास का सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी प्रदर्शन माना जाता है।
किन बल्लेबाजों के बीच ऑरेंज कैप की होड़
मौजूदा सीजन में तीन बल्लेबाजों ने 700 से अधिक रन बनाए हैं। वैभव के अलावा गिल और सुदर्शन भी 700 से ज्यादा रन बना चुके हैं। मुख्य रूप से यही तीन बल्लेबाज ऑरेंज कैप की दौड़ में शामिल हैं। वैभव ने इस सीजन 16 मैचों में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। दूसरे नंबर पर गिल हैं जिन्होंने 15 मैचों में 163.71 के स्ट्राइक रेट से 722 रन बनाए हैं। गिल के बल्ले से इस सीजन एक शतक और छह अर्धशतक निकले हैं। वहीं, साई सुदर्शन भी 16 मैचों में 159.55 के स्ट्राइक रेट से 710 रन बना चुके हैं। वैभव के निकटतम प्रतिद्वंद्वी गिल हैं। गिल और वैभव में 54 रन का है। अगर गिल फाइनल में 55 रन बना लेते हैं तो वह वैभव को पीछे छोड़ देंगे और ऑरेंज कैप की दौड़ में आगे हो जाएंगे। वहीं, साई सुदर्शन को लगातार दूसरी बार ऑरेंज कैप अपने नाम करनी है तो फाइनल में बड़ी पारी खेलनी होगी। वह अभी वैभव से 66 रन और गिल से 12 रन पीछे चल रहे हैं। आरसीबी के विराट कोहली ने 15 मैचों में 600 रन बनाए हैं और वह फिलहाल इस सूची में छठे नंबर पर हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here