लखनऊ में सरोजनी नगर से भाजपा प्रत्याशी राजेश्वर सिंह की सीएम योगी आदित्यनाथ से भेंट, आज करेंगे नामांकन

0
327

लखनऊ। पुलिस सेवा में 11 वर्ष का कार्यकाल शेष रहने स्वैच्छिक सेवानिवृति लेकर राजनीति के मैदान में उतरे राजेश्वर सिंह ने गुरुवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। भारतीय जनता पार्टी ने प्रवर्तन निदेशालय में संयुक्त निदेशक रहे राजेश्वर सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने लखनऊ के सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है। राजेश्वर सिंह गुरुवार को नामांकन करेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ से भेंट करने के बाद राजेश्वर सिंह भगवान का दर्शन करने हनुमान सेतु मंदिर भी पहुंचे। जहां से नामांकन के लिए रवाना हो गए।

राजेश्वर सिंह मंगलवार को नई दिल्ली में अपने विभाग से विदाई लेने के बाद रात में आगरा पहुंचे। आगरा में उनकी मां फिलहाल निवास कर रही हैं। बुधवार को मां का आशीर्वाद लेने के बाद लखनऊ पहुंचे। लखनऊ की सरोजनीनगर सीट से भाजपा का टिकट मिलने के बाद डॉ. राजेश्वर सिंह ने बुधवार सुबह अपनी मां का आशीर्वाद लिया। बड़े भाई के साथ आगरा पहुंचे राजेश्वर सिंह मां का आशीर्वाद लेकर कर्मक्षेत्र की ओर अग्रसर हुए।भाजपा ने राजेश्वर सिंह को स्वाती सिंह के स्थान पर सरोजनीनगर सीट से प्रत्याशी बनाया है। लखनऊ पहुंचने के बाद बुधवार को राजेश्वर सिंह सबसे पहले मंत्री स्वाती सिंह से मिले। स्वाती सिंह ने राजेश्वर सिंह को बधाई दी। राजेश्वर सिंह ने कहा कि हम तो मिलकर सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र का विकास कराएंगे। राजेश्वर सिंह की पत्नी लक्ष्मी सिंह लखनऊ में आइजी जोन के पद पर तैनात हैं।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) उत्तर क्षेत्र के संयुक्त निदेशक रहे राजेश्वर सिंह ने करीब 24 वर्ष की सरकारी सेवा की है। प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) के 1994 बैच के अधिकारी राजेश्वर सिंह लखनऊ में सीओ गोमतीनगर व सीओ महानगर के पद पर तैनात रहे। वह प्रयागराज में भी अहम पदों पर जिम्मेदारी संभाली। राजेश्वर 2009 में प्रतिनियुक्ति पर ईडी में गए थे और बाद में उन्हें ईडी में समायोजित कर लिया गया था। लगभग दस वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस में और 14 वर्ष ईडी में अपनी सेवाएं देने के बाद अब वह नौकरी छोड़कर दूसरी पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। आइजी रेंज, लखनऊ लक्ष्मी सिंह उनकी पत्नी हैं। बहनोई राजीव कृष्ण एडीजी आगरा जोन हैं। एक और बहनोई वाईपी सिंह आईपीएस रहे, उन्होंने भी वीआरएस लिया था।

राजेश्वर सिंह के पिता स्वर्गीय रण बहादुर सिंह भी आइपीएस अधिकारी थे। राजेश्वर ने बीटेक व एलएलबी करने के बाद हृयूमन राइट विषय में पीएचडी की थी। उनके भाई रामेश्वर सिंह इनकम टैक्स कमिश्नर हैं। एक बहन मीनाक्षी भी इनकम टैक्स कमिश्नर हैं। उनके बहनोई राजीव कृष्ण एडीजी जोन आगरा हैं। राजेश्वर सिंह की बड़ी बहन आभा सिंह सुप्रीम कोर्ट की वकील हैं। आभा सिंह इंडियन पोस्टल सर्विस में थीं और उनके पति वाइपी सिंह महाराष्ट्र कैडर के आइपीएस अधिकारी थे। उन्होंने भी वीआरएस लिया और मुंबई हाई कोर्ट में वकालत करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here