जम्मू में सुबह से लगातार बारिश जारी, कश्मीर के कई हिस्सों में बर्फबारी

0
215

जम्मू। 

जम्मू कश्मीर में वीरवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। सुबह से ही जम्मू संभाग में बारिश जारी होने के साथ कश्मीर में बर्फबारी हो रही है। इससे कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ है। उधमपुर, कठुआ, सांबा और राजोरी में लगातार बारिश हो रही है। इससे जनजीवन प्रभवित हो गया है। पर्यटन स्थल पटनीटॉप और नत्थाटॉप में बारिश के साथ बर्फबारी हुई है। घाटी में कई स्थानों में भारी बर्फबारी हुई है। मौसम के बदले मिजाज से घाटी में ठिठुरन तेज हो गई है।मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर ने आने वाले दिनों में जम्मू संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी है। इसमें हवाई सेवा के साथ जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावित हो सकता है। इसके साथ 4 और 6 फरवरी को भी मौसम खराब हो सकता है।

राजधानी श्रीनगर समेत कश्मीर के कई जिलों में बुधवार शाम को हल्की बारिश शुरू हो गई थी। रात्रि को पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार बने हुए थे। श्रीनगर में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 1.9, पहलगाम में माइनस 6.1 और गुलमर्ग में माइनस 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू में बुधवार की शुरुआत हल्के बादलों के साथ हुई। जिले के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। बादलों के छाने से दिन के तापमान में गिरावट आई है।  जम्मू में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री गिरकर 16.3 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान 2.2, बटोत में 2.1, कटड़ा में 6.0 और भद्रवाह में माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लेह और कारगिल में शरीर जमा देने वाली ठंड जारी है। लेह में दिन का तापमान माइनस 1.8 और बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कारगिल में दिन का तापमान 2.1 और बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here