सरोजनीनगर से राजेश्वर सिंह तो कैंट से ब्रजेश पाठक आगे, पहले हो रही पोस्टल बैलट की ग‍िनती

0
344

सरोजनीनगर में 44 राउंड चलेगी मतगणना

लखनऊ में पोस्टल बैलट की मतगणना शुरू

लखनऊ। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन और कानून मंत्री ब्रजेश पाठक सहित 109 प्रत्याशियों की ईवीएम में बंद किस्मत आज खुलेगी। रमाबाई रैली स्थल पर सुबह आठ बजे लखनऊ की नौ विधानसभा सीटों के लिए मतगणना शुरू हो गई है। दोपहर एक बजे से परिणाम आने शुरू हो जाएंगे। मतगणना को देखते हुए मतगणना स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं लखनऊ की सबसे चर्चित सरोजनीनगर विधानसभा सीट से फिलहाल राजेश्वर सिंह आगे हैं। पोस्टल बैलट की गिनती में अभिषेक मिश्रा पीछे चल रहे हैं। सरोजिनी नगर में सबसे अधिक 1774 पोस्टल बेटों की गिनती होनी है।लखनऊ कैंट में कुल 1425 पोस्टल बैलट पड़े थे शुरुआती मतगणना में ब्रजेश पाठक आगे चल रहे हैं। सरोजनी नगर में सबसे अधिक 1774 पोस्टल बैलट की गिनती होनी है। जबकि मलिहाबाद में 483, बीकेटी 1148, लखनऊ पश्चिम में 1273, और उत्तर में 1482 पोस्टल बैलट हैं। संडीला में पोस्टल बैलेट की गिनती में भाजपा प्रत्याशी अलका अर्कवंशी आगे, दूसरे नम्बर पर बसपा के अब्दुल मन्नान व तीसरे नम्बर पर सपा सुभासप गठबंधन प्रत्याशी सुनील अर्कवंशी।  

लखनऊ की नौ विधानसभा सीटों के लिए सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हो गई है। रमाबाई रैली स्थल पर सबसे पहले पोस्टल बैलट की मतगणना हो रही है। पोस्टल बैलट की मतगणना खत्म होने के बाद ही ईवीएम की गिनती शुरू की जाएगी। लखनऊ में 10771 पोस्टल बैलट पड़े थे इसलिए इन वोटों की गिनती के बाद ही ईवीएम मशीनें खोली जाएंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक प्रकाश के मुताबिक मतगणना की तैयारियां पूरी हो गई हैं। सात सौ से अधिक कार्मिक मतगणना का कार्य करेंगे। कुल 126 टेबल पर मतों की गणना होगी।

सरोजनीनगर विधानसभा में सबसे अधिक देर तक मतगणना चलेगी। यहां 44 राउंड मतगणना होगी, जिससे परिणाम भी सबसे देर में सामने आएगा। जबकि लखनऊ मध्य में 26 दौर में वोटों की गिनती होगी, इसलिए यहां सबसे पहले परिणाम आने की उम्मीद है। मलिहाबाद में करीब 32 दौर तक मतगणना होगी। बख्शी का तालाब में करीब 37 राउंड तक मतगणना चलेगी। मोहनलालगंज सुरक्षित सीट पर 32 दौर तक मतगणना होगी ।लखनऊ पश्चिम में 32 राउंड मतगणना होगी। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन की पूर्व विधानसभा क्षेत्र में 31 राउंड तक मतगणना होगी। उत्तर विधानसभा के नतीजे 33 दौर की काउंटिंग के बाद सामने होंगे। लखनऊ कैंट जहां से कानून मंत्री ब्रजेश पाठक चुनाव लड़ रहे हैं। वहां पर 27 राउंड तक काउंटिंग होगी।

क्या भाजपा अपने सबसे सुरक्षित किले को इस बार बचा पाएगी। क्या मतदाता डबल इंजन सरकार की रफ्तार को और गति देंगे। भाजपा के गढ़ में गुरुवार को ऐसे कई सवाल होंगे जिनके जवाब मतगणना के बाद सामने होंगे। गत चुनाव में भाजपा ने नौ में से आठ सीटों पर जीत दर्ज कर इतिहास बनाया था लेकिन इस बार चुनौती कड़ी है।चुनाव के परिणामों से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर की प्रतिष्ठा भी जुड़ी है। लखनऊ का सांसद होने की वजह से राजनाथ सिंह की भूमिका टिकट बटवारे से लेकर प्रचार तक में रही है। कई बार प्रत्याशियों के लिए प्रचार करने आए। केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर की पत्नी जय देवी मलिहाबाद से और उनके रिश्तेदार मोहनलालगंज सुरक्षित सीट से दावेदार हैं। कौशल भी लगातार चुनाव में सक्रिय रहे हैं। गत चुनाव में भाजपा लहर में मोहनलालगंज को छोड़कर कैंट, पूर्वी, उत्तर, मध्य, पश्चिम, सरोजनीनगर, बख्शी का तालाब और मलिहाबाद विधानसभा सीटों भाजपा ने प्रतिद्वंद्वियों को जबर्दस्त पटकनी दी थी। इस चुनाव में भाजपा ने युवा और नए चेहरों पर दांव लगाया है। नौ में से पांच सीटों पर नए चेहरों को उतारा है।

सरोजनीनगर से मंत्री स्वाती सिंह का टिकट काटकर पूर्व पुलिस अफसर राजेश्वर सिंह को मैदान में उतारा, जबकि लखनऊ मध्य सीट से पार्षद रजनीश गुप्ता को मौका दिया। लखनऊ पश्चिम से भी भाजपा ने अंजनी श्रीवास्तव को उतारकर कई लोगों को चौंकाया। बख्शी का तालाब में भी कुछ ऐसा ही किया। यहां पर मौजूदा विधायक अवनीश त्रिवेदी का टिकट काटकर पुराने कार्यकर्ता योगेश शुक्ला को खड़ा किया। मोहनलालगंज का किला भेदने के लिए भाजपा ने युवा अमरेश कुमार को मौका दिया है। यहां पर भाजपा ने अब तक अपना खाता नहीं खोला है। क्या भाजपा का यह दांव कमल खिला पाएगा, देखने वाला होगा। वहीं पूर्वी क्षेत्र से आशुतोष टंडन अपनी तीसरी पारी खेलने उतरे हैं वहीं कानून मंत्री की किस्मत कैंट सीट की ईवीएम में बंद है। लखनऊ उत्तर से नीरज बोरा को फिर मौका दिया गया है। देखना है कि कल जब ईवीएम खुलेंगी तो किस्मत किसका साथ देती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here