ओमप्रकाश राजभर का अखिलेश पर निशाना, बोले- डिंपल के लिए वह हर गांव में जाएंगे तो भी नहीं जीतेंगी

0
182

ब्यूरो,

लखनऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने मैनपुरी लोकसभा के उप चुनाव के बहाने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर फिर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यहां से अखिलेश ने पत्नी डिंपल को मैदान में उतारा है। उन्हें जिताने के लिए वह गांव-गांव जाएंगे, पर उन्हें जीत नहीं मिलेगी। जिस तरह आजमगढ़ में यादव प्रत्याशी लड़ाने की वजह से वह हारे, उसी प्रकार से मैनपुरी में भी हारेंगे। उन्होंने तंज किया कि क्या मैनपुरी में सिर्फ यादव ही चुनाव लड़ेंगे।

ओमप्रकाश ने मंगलवार को मीडियाकर्मियों से कहा कि मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में यादव के बाद सबसे अधिक शाक्य हैं, लेकिन सपा ने यहां कभी पाल, कश्यप, बिंद, मल्लाह, केवट आदि पिछड़ी जातियों को प्रत्याशी नहीं बनाया। सपा प्रमुख आजमगढ़ में यादव लड़ाने में लुट गए अब मैनपुरी की बारी है।
उन्होंने कहा कि कुछ टटोलने के बाद ही भाजपा ने शाक्य पर दांव लगाया होगा? कहा कि मैनपुरी में सुभासपा 2024 की तैयारियों का आकलन करने के लिए प्रत्याशी उतारा है, किसी को हराने या जिताने के लिए नहीं।अखिलेश और मायावती दोनों दलित और पिछड़ों के दुश्मन हैं। इससे पूर्व राजभर ने दारुलसफा स्थित कार्यालय में उपचुनाव, नगर निकाय की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी दमदारी से निकाय व उप चुनाव में उतरेगी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here