बता दें कि सहायता प्राप्त जूनियर स्कूल में शिक्षक की नियुक्ति करने का अधिकार बीएसए को नहीं है, क्योंकि इसका चयन आयोग करता है या फिर शासन…। सीधी बात करें तो जब सरकार ने अल्पसंख्यक विद्यालयों की भर्ती पर रोक लगा दी है तो तात्कालीन बीएसए मनीराम सिंह ने किस नियमावली के तहत शिद्धार्थ पाण्डेय की नियुक्ति की ? वरिष्ठ लिपिक अजय पाण्डेय ने किस हैसियत से अपने ‘हस्ताक्षर’ से शिद्धार्थ पाण्डेय को नियुक्ति पत्र दिया ? बता दें कि बेसिक शिक्षा कार्यालय (बीएसए) बलिया में तैनात वरिष्ठ लिपिक अजय पाण्डेय ने नियमों की धज्जियां उड़ाते हुये अपने बेटे शिद्धार्थ पाण्डेय की नियुक्ति सहायता प्राप्त जूनियर स्कूल में करा दी है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सिकंदरपुर स्थित गौतमबुद्ध जूनियर हाई स्कूल,बालूपुर में अल्पसंख्यक विद्यालय में वर्ष 2023 में तात्कालीन बीएसए मनीराम सिंह की मिलीभगत से अपने बेटे शिद्धार्थ पाण्डेय की नियुक्ति करा दी।
खास बात यह है शासन ने वर्ष 2006 के बाद से प्रदेश में कोई सहायता प्राप्त जूनियर स्कूल एडेड नहीं किया गया, बावजूद इसके बीएसएस ने शिद्धार्थ पाण्डेय की नियुक्ति शिक्षक पद पर किस नियमावली के तहत की ? बताया जाता है कि अजय पाण्डेय को मालूम था कि सिकंदरपुर तहसील के ऐडेड विद्यालय में दो शिक्षकों के पद खाली है। उसके बाद श्री पाण्डेय ने न्यूज पेपर में भर्ती का विज्ञापन निकाला,जिसे देख शिक्षक पद पर मांगी गयी अर्हता रखने वाले बड़ी संख्या में छात्रों ने आवेदन किया। सभी फार्म सिकंदरपुर तहसील में मंगाये गये, जिस सीट के प्रभारी खुद अजय पाण्डेय थे।
अब सवाल यह उठ रहा था कि यदि साक्षात्कार के दिन सभी अभ्यर्थियों को बुलाया जायेगा तो हो सकता है कि उसके बेटे से भी योग्य छात्र का चयन हो सकता है, इसलिये शातिर दिमाग वाले पाण्डेय जी ने चाल चली। उन्होंने साक्षात्कार के दिन आने के लिये सभी अभ्यर्थियों के पते पर रजिस्ट्री से लेटर भेजा लेकिन लिफाफा खाली था…। जी हां, लिफाफा के अंदर साक्षात्कार का कोई पत्र ही नहीं था, जिसकी वजह से अभ्यर्थियों को मालूम ही नहीं चला कि ‘किस दिन’ और ‘कितने बजे’ साक्षात्कार होना है…। साक्षात्कार के दिन किसी और अभ्यर्थी के ना आने पर अजय पाण्डेय के बेटे शिद्धार्थ पाण्डेय का चयन शिक्षक पद के लिये कर लिया गया। बस पाण्डेय जी हो गये अपने निहायत घटिया खेल में कामयाब और करा लिये अपने ‘लल्ला’ सिद्धार्थ पाण्डेय का शिक्षक पद पर चयन…।
शर्मनाक बात तो यह है कि इस खेल में पैसे की लालच में ‘धृतराष्ट’ बनें तात्कालीन बीएसए मनीराम भी बराबर के दोषी हैं। सवाल यह है जब बीएसए को मालूम था कि ऐडेड स्कूलों में भर्ती पर शासन ने रोक लगा रखी है तो फिर उन्होंने शिद्धार्थ पाण्डेय की नियुक्ति करने की जुर्रत कैसे की ? मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीरो टॉलरेंस ना अपनाने वाले अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का फरमान जारी किया है, उसके बाद भी बीएसए और वरिष्ठ लिपिक को डर नहीं लगा कि फर्जी तौर पर भर्ती करने का अंजाम क्या होगा ? खैर, ‘द संडे व्यूज़’ बलिया के बीएसए कार्यालय द्वारा किये गये फर्जी भर्ती के प्रकरण को शासन स्तर तक पहुंचाने का काम करेगा ताकि ऐसे भ्रष्ट अफसरों व कर्मचारियों पर कार्रवाई हो सके।












