बीजेपी ने 70 जिलों में अध्यक्ष घोषित कर साधे जीताय समीकरण, 25 को दोबारा मौका…

0
87
केवल पांच महिलाएं ही बनीं जिलाध्यक्ष ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा के जिलाध्यक्षों की बहुप्रतीक्षित घोषणा रविवार को हो गई है। पहले चरण में 70 जिला व महानगर अध्यक्ष घोषित किए गए हैं। इनमें से 25 जिलाध्यक्ष ऐसे हैं जिन्हें पार्टी ने दोबारा मौका दिया है। 45 जिलाध्यक्ष नए चुने गए हैं। पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए अन्य पिछड़ा वर्ग व सामान्य वर्ग का सामंजस्य बैठाया है। ओबीसी के 35.71 प्रतिशत यानी 70 में से 25 जिलाध्यक्ष बने हैं। सामान्य वर्ग के 55.71 प्रतिशत यानी 39 जिलाध्यक्ष हैं। अनुसूचित जाति के छह यानी 8.57 प्रतिशत जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं।
प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय ने बताया कि जनवरी के दूसरे सप्ताह में जिला स्तर पर नामांकन शुरू हुए थे। जिलों से प्राप्त पैनल पर कई स्तरों पर विचार-विमर्श के उपरांत रविवार को 98 संगठनात्मक जिलों में से 70 जिलों के जिला व महानगर अध्यक्ष घोषित कर दिए गए हैं। भाजपा ने पहली बार जिलाध्यक्ष की घोषणा जिला स्तर पर की। उन्होंने बताया कि उपचुनावों के कारण 11 जिलों में संगठन चुनाव फरवरी के अंत में कराए गए थे, जिसके कारण 28 जिलाध्यक्षों की घोषणा करीब एक सप्ताह बाद दूसरे चरण में होगी डॉ. पांडेय ने बताया कि प्रदेश के 70 जिलों में जिला चुनाव अधिकारी, पर्यवेक्षक व वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी और सरकार के मंत्रियों ने जिलाध्यक्ष की घोषणा की। जिलाध्यक्षों के चयन में सबका साथ-सबका विकास की परिभाषा को साकार करते हुए सामाजिक समीकरणों का भी विशेष ध्यान रखा गया है। भाजपा के 70 जिलाध्यक्षों में मात्र पांच महिलाएं हैं। घोषित जिलाध्यक्षों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व केवल 7.14 प्रतिशत है। यह हाल तब है जब केंद्र सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम बना चुकी है जिसके तहत लोकसभा व विधानसभाओं में महिलाओं की एक तिहाई सीटें आरक्षित करना है। प्रदेश चुनाव अधिकारी डा. पांडेय कहते हैं कि पिछले बार 98 में से चार महिलाएं ही थीं, इस बार 70 में पांच महिलाएं जिलाध्यक्ष बनीं हैं। शेष 28 जिलाध्यक्षों में भी महिलाओं की भागीदारी रहेगी।महामंत्री संगठन व चुनाव अधिकारी ने की आनलाइन निगरानी जिलों में जिलाध्यक्षों की घोषणा की प्रदेश स्तर पर आनलाइन निगरानी भी की गई। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह व प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. पांडेय ने प्रदेश मुख्यालय पर बने कंट्रोल रूम से इस पर सीधे नजर रखी। सभी जिलों को दोपहर दो बजे घोषणा करने के लिए कहा गया था। कंट्रोल रूम से सभी जिलों को आनलाइन जोड़ा गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here