चीनी मिलें बंद करने की जगह छह नई मिलें स्थापित कीं-सीएम
पारदर्शी व्यवस्था से पुलिस कार्मिकों की भर्ती पूरी की
ब्यूरो,लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पत्रकार वार्ता की। इस मौके पर उन्होंने सरकार के आठ वर्षों की उपलब्धियों पर जारी एक पुस्तिका का विमोचन किया। इसके बाद सरकार की ‘सेवा, सुरक्षा और सुशासन नीति’ पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी जारी की।

सीएम ने आगे कहा कि पहले दंगे, आतंक को लोगों ने देखा। आठ वर्ष पहले यूपी बीमारू राज्य माना जाता था। आज वही प्रदेश अर्थ शक्ति के रूप में उभरा है। पहले यूपी विकास का ब्रेक माना जाता था। आज वही प्रदेश विकास की उदाहरण बनकर उभरा है। प्रदेश वही है, जनता वही है, सिस्टम वही है, सिर्फ सरकार बदलने मात्र से बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।
सीएम ने कहा कि 2017 से पहले किसान आत्महत्या करता था। जिस प्रदेश में तकनीकि का उपयोग करके किसान को समृद्ध बनाया जाना चाहिए था, वहां पर किसानों के लिए कुछ नहीं किया गया। आज प्रदेश की जीडीपी में 28 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। आज किसानों को किसान सम्मान निधि केो माध्यम से करोड़ों रुपये सीधे खाते में भेजे गए।
प्रदेश में सिंचाई की व्यापक व्यवस्था की गई। हमने प्रदेश में कृषि विज्ञान केंद्र स्थापिक किए। कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की। इसका नतीजा हुआ कि दलहनी, तिलहनी फसलों के साथ अन्य फसलों का उत्पादन बढ़ा। पहले चीनी मिलें बंदी की कगार पर थीं। करोड़ों रुपये किसानों का बकाया था। हमने इसमें बदलाव किया। हमने चीनी मिलें बंद होने नहीं दीं। साथ ही छह मिलें स्थापित कीं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज 177 लाख लीटर एथेनाल का उत्पादन प्रदेश में हो रहा है। हमने 14 लाख निजी नलकूपों को बिजली की निःशुल्क व्यवस्था देकर किसानों को समृद्ध बनाया। सरकार ने 2023-24 में गेहूं की खरीद के पहले करीब ढाई गुना खर्च किया। धान के क्रय में पहले की सरकारों की अपेक्षा 2017-2024 के बीच पांच गुना अधिक धान का मूल्य डीबीटी से किसानों के खाते में भेजी गई।
पारदर्शी व्यवस्था से सरकार ने एक लाख से अधिक पुलिस कार्मिकों की भर्ती पूरी की। हाल में 60 हजार और पुलिसकर्मियों की भर्ती पूरी हुई है। 2017 से पहले 10 जनपदों में पुलिस लाइन नहीं थी। बारक खराब पड़े थे। आज उन जिलों में या तो पुलिस लाइन का काम पूरा हो गया है, या निर्माणाधीन हैं। आज पीआरवी 112 के रिस्पांस टाइम में बेहतर सुधार हुआ है। पहले 15 मिनट से अधिक था, आज यह रिस्पांस टाइम सात मिनट तक रह गया है। नारी सशक्तीकरण में यूपी ने बेहतर काम किया। अभी होली पर जो पुलिस की भर्ती संपन्न हुई, उसमें 12 हजार सेअधिक महिलाओं को शामिल किया गया है।
पहले यूपी में कुछृ लोग नकल को जन्मसिद्ध अधिकार मानते थे, आज वहां नकल विहीन परीक्षा कराई जा रही है। स्कूलों में सुधार कि्या जा रहा है। अब कहीं पर भी जर्जर स्कूल नहीं होंगे। हर कमिश्नरी में एक राज्य विश्व विद्यालय स्थापित किए गए। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हर जिले में प्रधानमंत्री अभ्युदय कोचिंग संचालित हैं।

आज यूपी एक रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है। रोजगार की संभावनाएं बनी हैं। प्रदेश में निवेश आ रहा है तो रोजगार के साथ परिवारों के चेहरे पर खुशहाली है। 70 वर्षो में पर कैपिटल इनकम 46 हजार थी। आज यह एक लाख 24 हजार पहुंच गई है। बैंकिंग तंत्र अर्थव्यवस्था को नया आयाम देता है। आज बैंकिंग व्यवसाय 29 लाख 66 हजार करोड़ हो गया है। ज्ञात हो कि योगी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर यूपी भाजपा उत्सव मना रही है। इसकी शुरुआत सोमवार से हो गई। यह उत्सव 14 अप्रैल तक मनाया जाएगा। इसके तहत भाजपा प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की आठ वर्ष की उपलब्धियों के साथ जनसंवाद करेगी। इस क्रम में जिला स्तर पर कार्यशालाएं होंगी।