यूपी के मदरसों में लागू होगा ‘वंदे मातरम- मंत्री ओपी राजभर

0
14

O P Rajbhar news: उत्तर प्रदेश के मदरसों में भी वंदे मातरम का गान अनिवार्य किए जाने की तैयारी है। उत्तर प्रदेश सरकार इस दिशा में कदम उठा सकती है। इस संबंध में यूपी के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक मीडिया इंटरव्यू में बड़ा दावा किया है। दरअसल, पश्चिम बंगाल की सुभेंदु अधिकारी सरकार ने मदरसा संस्थानों में वंदे मातरम के गान को अनिवार्य किया है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश के मदरसों में भी इस प्रकार तैयारी की बात कहते मंत्री दिखे हैं। दरअसल, यूपी में इस समय विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां चल रही हैं। इस क्रम में तमाम राजनीतिक दल अपने-अपने वोट बैंक को साधने में जुटे हैं। एनडीए के सहयोगी सुभासपा मुखिया और मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बयान को भी चुनावी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पश्चिम बंगाल के बाद यूपी के मदरसों में भी वंदे मातरम को लागू किए जाने के सवाल पर बेबाकी के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि विभाग (अल्पसंख्यक कल्याण विभाग) हमारे पास है। यहां भी मदरसों में इस प्रकार की व्यवस्था लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि हम क्यों नहीं करेंगे इस प्रकार की व्यवस्था ? ओपी राजभर ने कहा कि हम मदरसा संस्थानों के बच्चों को बेहतर शिक्षा की तरफ ले जाना चाहते हैं। उनको बेहतर स्वास्थ्य देना चाहते हैं। रोजगार देना चाहते हैं। नौकरी देना चाहते हैं। हम उन्हें अमन, चैन, भाईचारा देना चाहते हैं। इसलिए, इसमें क्या बुराई है?

अखिलेश-राहुल पर हमला

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि हम अखिलेश यादव और राहुल गांधी की तरह नफरत नहीं फैलाना चाहते हैं। ये लोग मुसलमानों को इसीलिए साथ रखे हैं कि वे पढ़े-लिखें नहीं। वे जो कहें, वही सही मानें। उन्होंने कहावत ‘खाता न बही, जौन अखिलेश कहें, वही सही’ के जरिए सपा अध्यक्ष को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुसलमानों को केवल एक वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया जाता रहा है। यह उन्हें समझना होगा।

वंदे मातरम पर गरमाई है चर्चा

पश्चिम बंगाल के मदरसों में वंदे मातरम की अनिवार्यता को लेकर चर्चा गरमाई हुई है। मुस्लिम संगठनों की ओर से भी इसका विरोध हुआ है। कई राजनीतिक दल भाजपा सरकार के इस प्रस्ताव का खुलकर विरोध कर रहे हैं। वहीं, अब यूपी सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री के बयान के बाद इस पर विवाद गहराना तय माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here