आज दिया जाएगा सूर्य देव का संध्‍या अर्घ्‍य, शुभ मुहूर्त सहित पढ़ लें पूजा की सही विधि

0
14
A Festival of Faith Chhath puja : छठ महापर्व के तीसरे दिन यानी आज डूबते हुए सूर्य देव को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन व्रती नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में खड़े होकर सूर्य देव को जल और दूध अर्पित करेंगे। छठ पूजा में संध्या अर्घ्य का विशेष महत्व है। मान्यता है कि विधि-विधान से पूजा करने पर छठी मैया और सूर्य देव की कृपा प्राप्त होती है। आइए जानते हैं इस वर्ष छठ पूजा पर संध्या अर्घ्य का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और इस दिन माने जाने वाले जरूरी नियम।

संध्या अर्घ्य का शुभ मुहूर्त

छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला प्रमुख लोकपर्व है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इसके बाद खरना किया जाता है और तीसरे दिन डूबते हुए सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाता है। इस साल छठ पूजा का संध्या अर्घ्य 15 नवंबर 2026, रविवार को दिया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे परिवार के साथ घाट पर पहुंचेंगे और अस्त होते सूर्य देव की पूजा करेंगे। छठ पूजा में सूर्यास्त के समय अर्घ्य देने का विशेष महत्व होता है। अलग-अलग शहरों में सूर्यास्त का समय अलग हो सकता है। इसलिए अपने शहर के सूर्यास्त के समय के अनुसार अर्घ्य देने की तैयारी करें। हम आपको यहां पर अनुमानित समय बता सकते हैं कि लगभग कितने समय पर सूर्यअस्‍त होना शुरू होगा, जब आप संध्‍या अर्घ्‍य दे पाएंगी।
  • दिल्ली: शाम 05:28 बजे के लगभग
  • पटना: शाम 05:01 बजे के लगभग
  • अन्य शहर: शाम 5 बजे से 5 बजकर 30 मिनट के बीच सूर्य अस्‍त हो सकता है।

संध्या अर्घ्य का धार्मिक महत्व

छठ महापर्व में संध्या अर्घ्य का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन व्रती डूबते हुए सूर्य देव को अर्घ्य देकर उनके प्रति आभार प्रकट करते हैं। सूर्य को जीवन, ऊर्जा और स्वास्थ्य का आधार माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, संध्या अर्घ्य देने से परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। व्रती अपनी संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली के लिए छठी मैया से प्रार्थना करते हैं। इस दिन घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु इकट्ठा होते हैं। चारों तरफ छठी मैया के गीत सुनाई देते हैं और पूरा माहौल भक्तिमय हो जाता है।

संध्या अर्घ्य की पूजा विधि

  • संध्या अर्घ्य के लिए सबसे पहले पूजा की सामग्री तैयार करें। बांस के सूप और दौरे में ठेकुआ, चावल के लड्डू, गन्ना, नारियल, केला, सुथनी और अन्य मौसमी फल रखें। इसके साथ पूजा की जरूरी सामग्री भी तैयार कर लें।
  • सभी प्रसाद और पूजा सामग्री को सूप में सजाकर परिवार के सदस्यों के साथ छठ घाट पर जाएं। घाट पर साफ-सफाई का ध्यान रखें और पूजा के लिए निर्धारित स्थान पर खड़े हों।
  • अर्घ्य देने के समय व्रती नदी, तालाब या जलाशय के पानी में अपनी सुविधा और सुरक्षा के अनुसार खड़े होते हैं। कई व्रती कमर तक पानी में खड़े होकर पूजा करते हैं।
  • सूर्यास्त के समय सूप में रखे प्रसाद के साथ सूर्य देव को जल और दूध अर्पित करें। इस दौरान सूर्य देव का ध्यान करें और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें। अपनी परंपरा के अनुसार सूर्य मंत्र का जाप भी कर सकते हैं।
  • अर्घ्य देने के बाद घाट पर दीपक जलाएं। कई श्रद्धालु रात में भजन-कीर्तन और जागरण करते हैं। इस दौरान छठी मैया के गीत गाए जाते हैं।

संध्या अर्घ्य के दिन इन नियमों का रखें ध्यान

  • छठ पूजा में खरना के बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखा जाता है। इस दौरान व्रती अन्न और जल ग्रहण नहीं करते। व्रत को पूरी श्रद्धा और अपनी क्षमता के अनुसार रखें।
  • छठ पूजा में पवित्रता का विशेष महत्व है। प्रसाद बनाते समय रसोई और पूजा की जगह को साफ रखें। पूजा सामग्री को भी स्वच्छ स्थान पर रखें।
  • छठ पूजा के दौरान घर में सात्विक वातावरण बनाए रखें। तामसिक भोजन से परहेज करें और मन में अच्छे विचार रखें।
  • ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद को पूरी श्रद्धा से तैयार करें। प्रसाद बनाते और बांटते समय साफ-सफाई का ध्यान रखें।
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here