आगरा। आगरा के बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर की दीवार के यमुना के किनारे पर है। बाढ़ की वजह से दीवार के पास पानी की गहराई 15 फीट तक है। मंदिर के गर्भगृह में जाने के लिए सीढ़ियां बनी हुई हैं। मंदिर की तरफ जाने वाले रास्ते पर बनी दीवार पर लोग खड़े हुए थे। कुछ लोग मोबाइल से वीडियो और फोटो बना रहे थे तो कुछ आरती में जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी तेज आवाज आई और चीखपुकार मच गई। कुछ लोग घायल हालत में बाहर की तरफ आए। मैं घबरा गई। यह कहना था मंदिर में परिसर में ही कमरे में रहने वाली गुड्डी देवी का। हादसे के बाद पुलिस को उन्होंने घटना की जानकारी दी।

गुड्डी देवी ने बताया कि वह काफी साल से परिवार सहित मंदिर परिसर में रह रही हैं। उनका बेटा रवि सेवा कार्य करता है। शाम को आरती के समय वह अपने कमरे के बाहर बैठी हुई थीं। तभी तेज आवाज सुनकर घबरा गईं। उन्हें लगा कि मंदिर के निचले हिस्से में बना कमरा ढह गया है। लोग भागते हुए बाहर की तरफ जा रहे थे। यह देखकर वो दूर जाकर खड़ी हो गईं। बाद में स्थानीय लोग पहुंचे। तक नजदीक जाकर देखा तो मंदिर जाने वाले रास्ते की तकरीबन 20 फीट ऊंची दीवार ढह गई थी। सूचना पर डीएम अरविंद एम बंगारी समेत अन्य अधिकारी पहुंच गए। एनडीआरएफ की टीम ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन मलबे या नदी में कोई नहीं मिला।












