अब यूपी बदल रहा है
लखनऊ । लखनऊ में हुए कौशल विकास के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने देश की स्किल के विकास की बात की। उन्होंने कहा कि देश के आईआईटी छात्रों को स्किल सिखाते हैं। हम लगातार यह बात सुनते आ रहे हैं कि एआई नौकरी को खत्म कर देगा। पर ऐसा कोई एआई नहीं होगा जो स्किल की जगह ले लें।

अपनी बात को साबित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमने लोगों से अपील की थी कि सोना मत खरीदो। उन्होंने सोना खरीदना कम किया। आज सोने के दाम टूट गए हैं। आपने मोदी की बात मानी तो ऐसा हुआ। एक बात की घोषणा मैं फिर कर रहा हूं कि आने वाले समय में कागज की डिग्री से ज्यादा इस बात का महत्व होगा कि आपके पास हुनर क्या है। आपका हुनर आपकी डिग्री से भी बड़ा हो जाएगा।
पीएम ने वाराणसी के एक कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि अब यूपी बदल रहा है। अब यह पहले वाला प्रदेश नहीं है। रात में काम करने वाली एक लड़की ने मुझसे कहा कि अब वह रात के 11 बजे से आसानी से अपने घर चली जाती है। पहले ऐसा नहीं था। यूपी में रहने वाले लोग जानते हैं कि कि रात में बेटी के घर आने का क्या मतलब होता था। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून और व्यवस्था का यह माहौल योगी आदित्यनाथ की वजह से बन पाया।
पीएम मोदी ने कहा कि अंग्रेजों ने कौशल आधारित व्यवस्था को समाप्त किया। मैकाले ने देश की व्यवस्था को तबाह किया और उस शिक्षा व्यवस्था ने देश के कौशल को नुकसान पहुँचाया। उन्होंने केवल क्लर्क तैयार करने का काम किया। आज जब कोई बच्चा आईटीआई में प्रवेश लेता है, तो माता-पिता यह बात छिपाते हैं, लेकिन अब इस मानसिकता को खत्म करना होगा। जितना सम्मान आईआईटी के विद्यार्थियों को मिलेगा, उतना ही सम्मान आईटीआई के विद्यार्थियों को भी मिलना चाहिए।
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2015 में पीएम मोदी ने स्किल इंडिया का महाभियान शुरू किया था। इस योजना के माध्यम से भारत की प्रतिभा को प्लेटफॉर्म देना था। ताकि योग्य व्यक्तियों को अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि पूरे भारत में सबसे अधिक युवा यूपी में निवास करते हैं। यह योजना उनके लिए बहुत लाभकारी साबित हुई। यूपी में इस स्किल मिशन अभियान को तेजी से बढ़ाने का काम किया है। यूपी में इस दौरान 17 लाख युवाओं को कौशल विकास माध्यम से प्रशिक्षित करने का काम किया। इसमें से हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का काम किया। प्रदेश की 150 आईटीआई को टाटा के साथ मिलकर बेहतर और आधुनिक बनाने का प्रयास किया। इंडस्ट्री की मांग के अनुरूप यहां पाठ्यक्रम में नवीनता लाई गई।












