
प्रतीक पाठक
देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां के अंतिम दर्शन करके रो पड़े। अपने घर से माता सावित्री देवी की अर्थी लेकर योगी आदित्यनाथ निकल गए हैं। अब अंतिम यात्रा पंचुर गांव से हरिद्वार के लिए रवाना हो गई है।

मां के अंतिम दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वह कुछ देर तक उनके पास खड़े रहे और एकटक निहारते रहे। मुख्यमंत्री ने परिजनों और उनकी देखभाल करने वालों से मां के अंतिम समय के बारे में भी जानकारी ली। वह रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया। अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के भी शामिल होने की संभावना है।
सावित्री देवी के निधन की सूचना मिलते ही पंचूर गांव में नाते-रिश्तेदार उमड़ने लगे। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर पसर गई। वहीं, शाम को योगी भी गांव पहुंच गए। उन्होंने अपनी मां के अंतिम दर्शन किए। भावुक स्थिति में उन्होंने परिजनों से बातचीत की। सूत्रों के अनुसार, योगी अंतिम संस्कार के बाद ही लौटेंगे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए यह दूसरा बड़ा पारिवारिक दुख है। इससे पहले अप्रैल 2020 में उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था। उस समय कोरोना महामारी के कारण लागू प्रतिबंधों और मुख्यमंत्री के दायित्वों के चलते वह पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। गोरखनाथ मंदिर परिवार की ओर से भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। शुक्रवार को मंदिर परिसर में उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और शोकसभा आयोजित की गई। अंतिम संस्कार और संबंधित रस्मों में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे तक उत्तराखंड से लखनऊ के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है।












